April 19, 2024

गरुड़ में पेट्रोल-डीजल खत्म, बागेश्वर में समाप्ति की ओर

बागेश्वर। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश से जिले को जोड़ने वाले मार्ग बंद हैं। जिससे जिला मुख्यालय में पेट्रोल-डीजल समाप्ति की ओर है। आशंका बनी है देर शाम तक पेट्रोल-डीजल खत्म हो जायेगा। जबकि गरुड़ में पेट्रोल और समाप्त हो गया है। यदि जल्द वाहन नहीं आया तो आज से जिले में वाहनों के पहिये थम जाएंगे। इसके अलावा जिले में दूध का भी संकट बना हुआ है। मालूम हो तीन दिन से जिले में डीजल और पेट्रोल का टैंकर नहीं पहुंचा। पंप संचालकों के पास जो स्टॉक था वह भी अब खत्म हो गया है। गरुड़ में गुरुवार तीन बजे बाद तेल समाप्त हो गया है। पंप संचालक ने तेल समाप्त का बोर्ड चस्पा कर दिया है। इसके अलावा जिला मुख्यालय में स्थित पंपों में से अधिकांश में तेल समाप्त हो गया है। तेल समाप्त होने की सुगबुगाहट के बाद अधिकांश दोपहिया चालक पंपों में पहुंचने लगे हैं। यदि देर शाम तक वाहन नहीं पहुंचा तो शुक्रवार यानी आज से जिले में वाहनों के चक्के जाम हो जाएंगे। सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को होगी। यहां चलने वाले टैक्सियों का संचालन ठप हो जाएगा। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने कहा जिले के पंपों में अभी तेल है। अनावश्यक रूप से नहीं बांटा जा रहा है। आपात सेवा के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल है। शुक्रवार को तीन वाहन पहुंच जाएंगे। इसके बाद सभी लोगों को तेल बांटा जाएगा।