March 28, 2024

समय पर ऑक्सीजन ना पहुंचने से गई 11 कोरोना मरीजों की जान

तिरुपति ,। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कोरोना के 11 मरीजों की मौत हो गई। सभी की मौत ऑक्सीजन की कमी के चलते हुई है। ऑक्सीजन की सप्लाई में सिर्फ पांच मिनट की देरी हुई थी, जिस दौरान वहां भर्ती 11 मरीजों की जान चली गई। वहीं, मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। चित्तूर के जिला कलेक्टर एम हरि नारायणन के मुताबिक, यह घटना तिरुपति के रुइया अस्पताल की है। इसे कोविड अस्पताल घोषित किया गया है। उनके मुताबिक, सभी मरीज आईसीयू वार्ड में भर्ती थे। अचानक ऑक्सीजन की कमी के चलते 11 मरीजों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन खत्म होने पर सिलेंडर दोबारा भरने में पांच मिनट का अंतराल था। सिलेंडर का दबाव कम होने के कारण मरीजों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई।
अस्पताल की सुपरिटेंडेंट डॉ. भारती का कहना है कि यहां कोविड के अलावा अन्य मरीज भी भर्ती होते हैं। कुछ और मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यहां लगभग 700 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। इस घटना पर मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
इससे पहले भी कई और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी की वजह से कोरोना मरीजों की जान जा चुकी है। हाल ही में दिल्ली के बत्रा अस्पताल में भी ऑक्सीजन की किल्लत की वजह से 12 मरीजों ने दम तोड़ दिया था, जिसमें एक डॉक्टर भी शामिल थे। अस्पताल में एक मई को दोपहर 12 बजे ऑक्सीजन खत्म हो गई थी, जिसके बाद डेढ़ घंटे के बाद सप्लाई मिली। वहीं, कर्नाटक के हुबली में श्री भानजी डी खिमजी लाइफलाइन अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी की वजह से पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई थी।