March 29, 2024

देव डोलियों ने किया हरकी पैड़ी पर शाही स्नान 

हरिद्वार। श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति की ओर से कुंभ के शाही स्नान के लिए देव डोलियां प्रेमनगर आश्रम से सीसीआर होते पुलिस की घुड़सवार टुकड़ी और ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों के बीच शोभा यात्रा के रूप में हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड पर शाही स्नान के लिए पहुंची। देव डोलियों के हरकी पैड़ी ब्रह्मकुण्ड पहुंचने पर पुलिस उपाधीक्षक अखाड़ा प्रबोध घिल्डियाल आदि ने देवडोलियों पर पुष्प वर्षा की। हरकी पैड़ी पर श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत गांववासी, हरिद्वार संयोजक महंत अनिल गिरि, सहसंयोजक मुकेश जोशी की मौजूदगी में देवडोलियों की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की गयी। इसके उपरांत भगवान बद्रीविशाल, सुरकंडा देवी, मां धारीदेवी, घडिय़ाल देवता आदि के जयकारे लगाते हुए देव डोलियों को भक्तों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने गंगा स्नान कराया। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा ने भी ब्रह्मकुंड पर देवडोलियों का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शाही स्नान करने के पश्चात देव डोलियां सीसीआर होते हुये पुलिस संचार बेस कैप पहुंची। जहां देवडोलियों का भव्य स्वागत कार्यक्रम मेला प्रशासन और मेला पुलिस प्रशासन की ओर से किया गया। मेलाधिकारी दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ जन्मेजय खंडूड़ी, महामंडलेश्वर वीरेंद्रानंद ने संचार बेस कैप में देवडोलियों का माल्यार्पण और.पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मेलाधिकारी दीपक रावत ने कहा कि पूर्व में देवडोलियों के स्नान कार्यक्रम को वृहद रूप में करने की योजना थी, जिसमें 250 के लगभग देव डोलियों को प्रतिभाग करना था। लेकिन कोरोना महामारी के चलते प्रतीकात्मक रूप में देवडोलियों के शाही स्नान की व्यवस्था कराई गई। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में जब हम इस महामारी से ऊबर जाएंगे, तो इसे भव्य और दिव्य रूप से आयोजन कराने में वह.स्वयं किसी न किसी रूप में सहभागिता करेंगे और हर.सहयोग प्रदान करेंगे। महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद ने कहा कि भारत की धार्मिक विरासत बहुत समृद्ध और विश्वव्यापी है। इन परंपराओं को और मजबूती देकर पूरे विश्व में देवडोलियों की पताका को फहराने की जरूरत है। आयोजन समिति के अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी अध्यक्ष झालीमाली देवी आश्रम, क्यूकालेश्वर पौड़ी गढ़वाल ने कहा कि देव डोलियों के शाही स्नान की परंपरा सनातन धर्म की प्रतीक हैं। इसे लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया जाता है। कोविड महामारी के चलते इसे प्रतीकात्मक स्वरूप देकर शाही स्नान के लिए देवडोलियां हरिद्वार आई हैं। भविष्य में कोविड की मुक्ति के पश्चात इसे और भव्य रूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने देव डोलियों के शाही स्नान के आयोजन में सहयोग के लिये कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी कुभ संजय गुंयाल, मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना की। इस मौके पर जागर का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरिद्वार संयोजक महंत अनिल गिरि ने किया। इस अवसर पर उप मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती, पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश देवली, सेक्टर मजिस्ट्रेट योगेश सिंह मेहरा, संस्थापक विद्यादत्त रतूड़ी, मनोज रसिक, वंशीधर पोखरियाल, रमेश पैन्यूली, योति सिंह सजवाण, संजय शास्त्री, स्वामी प्रकाशानंद, द्वारिका बिष्ट, रूक्मिणी, आशुतोष गिरि, मुकेश कोठियाल, देवेन्द्र दत्त कोठियाल, आदेश गिरि, भगवान सिंह रांगड़, डीएल गुसांईं, सुरवीर सिंह मटुड़ा सहित सबन्धित अधिकारी, पदाधिकारी व श्रद्धालु मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद देवडोलियां अपने धाम को प्रस्थान कर गईं। उल्लेखनीय है कि श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के तत्वावधान में देव डोलियां शनिवार को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर स्नान करने के पश्चात शाम को हरिद्वार में प्रेमनगर आश्रम पहुंची थी।