March 28, 2024

 कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ मार्च के जरिये अपना आक्रोश जताया

रुद्रपुर। लखीमपुर घटना एवं सीतापुर में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी से नाराज हुई कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ मार्च के जरिये अपना आक्रोश जताया। सुबह 11.30 बजे अनाज मंडी से शुरू हुआ मार्च दोराहा होते हुए गदरपुर को रवाना हो गया। गदरपुर से किच्छा होते हुए यह मार्च यूपी की सीमा में प्रवेश करेगा। गुरुवार को अनाज मंडी पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि पहले भाजपा सरकार ने कृषि कानून के जरिये किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास किया था, लेकिन जब किसानों की आवाज दब नहीं सकी तो भाजपा के नेताओं- मंत्रियों ने किसानों को कुचलने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा लखीमपुरी खीरी में किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर किसानों की हत्या भाजपा के मंत्री पुत्र एवं भाजपा नेताओं द्वारा किया गया एक जघन्य अपराध है। वहीं जब इसके विरोध में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी लखीमपुरी खीरी जा रही थी तो उनको यूपी प्रशासन द्वारा सीतापुर में गिरफ्तार कर लोकतंत्र की हत्या का काम किया गया है। उन्होंने कहा यही समय है जब लोकतंत्र को बचाया जाये। वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों और आम जनता से उनके अधिकारों को छीनने का काम कर रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद ट्रैक्टर पर सवार होकर हरीश रावत व गणेश गोदियाल ने यात्रा का शुभारंभ किया। मौके पर जसपुर विधायक आदेश चौहान, जितेंद्र शर्मा सोनू, सुमित हृदयेश, राहुल छिमवाल, डॉ महेंद्र पाल, अविनाश शर्मा, प्रेमानंद महाजन, सुनीता टम्टा, सुरेशी शर्मा, रीना कपूर, दीपिका गुड़िया आ़त्रेय, मोहन जोशी, रेशम यादव, प्रेम यादव, जैदी खां, राजकिशोर सिंह आदि मौजूद थे।