April 25, 2024

थाना दिवस पर घरेलू हिंसा की पीड़ा लेकर पहुंची पीड़िता

बागेश्वर। शनिवार को हाइडिल तिराहे पर दोपहर 12 बजे से थाना दिवस लगाया गया। सबसे पहले कपकोट क्षेत्र की एक पीड़ित महिला घरेलू हिंसा की फरियाद लेकर पहुंची। उसने कहा कि उसके साथ ससुराल वाले मारपीट, दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। उसने कहा वह अपनी जान बचाने के लिए वह अपने मायके में रह रही है। मामले की गंभीरता देख पुलिस क्षेत्राधिकारी बिपिन चंद्र पंत ने पीड़िता को समझाते हुए कहा कि दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। अगर उसके बाद भी मामला नही सुलझता तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पीड़िता को हरसंभव न्याय का भरोसा दिलाया। इसके बाद एक भूमि संबंध दो पक्षों का मामला आया। जिसमें कोतवाल डीआर वर्मा ने कहा कि जल्द ही भूमि की पैमाइश पुलिस की निगरानी में कराई जाएगी। जो भी नक्शे और नियमानुसार होगा दोनों पक्षों का होगा। उसके बाद भी अगर कोई विवाद करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिसे दोनों पक्षों ने मान लिया। इसके अलावा आपसी विवाद, पति-पत्नी के झगड़े, उधारी ना चुकाना आदि के मामले भी आए। जिस पर पुलिस के अधिकारियों ने सकारात्मक कार्रवाई की और मामले को सुलझाया। इस अवसर पर एसएसआइ खष्टी बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष हरीश सोनी, अनिल कार्की, एसआई लोकेश रावत आदि मौजूद थे।