March 29, 2024

यूपी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर यूपी में प्रभारी होंगे धर्मेंद्र प्रधान, गजेंद्र शेखावत को पंजाब की कमान

नई दिल्ली,। यूपी व पंजाब समेत पांच राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। यानी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों के चुनाव प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने केन्द्रीय? मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश, प्रहलाद जोशी को उत्तराखंड और गजेन्द्र सिंह शेखावत को पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में सबसे दिलचस्प चुनाव उत्तर प्रदेश का ही होने वाला है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में खास फोकस रखा है और यहां प्रभारी के साथ सह-प्रभारियों की फौज उतार दी है। पार्टी ने यहां धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी नियुक्त किया है और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सरोज पांडे और अर्जुन राम मेघवाल, शोभा करंदलाजे, विवेक ठाकुर, कैप्टन अभिमन्यु और अन्नपूर्णा देवी को सह-प्रभारी बनाया है।
भाजपा के बयान के मुताबिक, बात करें उत्तराखंड की तो इस राज्य के चुनाव की कमान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी को दिया गया है। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए प्रहलाद जोशी के साथ भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और सरदार आरपी सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, पंजाब में गजेन्द्र सिंह शेखावत को प्रभारी बनाया गया है। पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ-साथ हरदीप पुरी, मीनाक्षी लेखी, विनोद चावड़ा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, गोवा चुनाव के लिए जहां भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदारी दी गई है, वहीं मणिपुर की कमान केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव को सौंपी गई है। वर्ष 2022 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं।