March 29, 2024

वाहन सडक़ पर पलटने से वाहन सवार 12 बच्चे हादसे में घायल  

टिहरी गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्र नगर ब्लॉक के दोगी पट्टी क्षेत्र में बांसकाटल संपर्क मार्ग पर एक छोटा हाथी वाहन सडक़ पर पलट गया। वाहन में सवार 12 बच्चे हादसे में घायल हो गए। घायलों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक उद्यान विभाग का छोटा हाथी वाहन यूके 07सीबी- 8121 गूलर की तरफ जा रहा था। इस दौरान लगभग पौने तीन बजे शाम छूट्टी होने पर राजकीय इंटर कॉलेज घेराधार के कुछ छात्र- छात्राएं वाहन में सवार हो गए। बांसकाटल के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। पहाड़ी से टकराने के बाद वाहन सडक़ पर ही पलट गया। हादसे में मोनिका पुत्री प्यारेलाल, रिंकी पुंडीर पुत्री गजे सिंह, अंजली पुंडीर पुत्री भगवान सिंह, अनीष पुंडीर पुत्र मकान सिंह सभी निवासी भैरगिड, रेशमा कैंतुरा पुत्री दीवान सिंह, मनीषा कैंतुरा पुत्री किशन सिंह, सचिन पुत्र दीवान सिंह, गणेश पुत्र नरेंद्र सिंह, पार्वती पुत्री राजेंद्र सिंह, राधिका पुत्री जगमोहन सिंह, शीतल पुत्री रमेश सिंह, सुभाष पुत्र गजे सिंह कैंतुरा, अंजलि कैंतुरा पुत्री मोर सिंह सभी निवासी बांस काटल घायल हो गए। दुर्घटना में वाहन चालक विजय शर्मा निवासी नयागांव देहरादून भी घायल हुआ है। एडीएम टिहरी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि घायलों को 108 आपात सेवा के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।