April 19, 2024

घास काट रही महिला गुलदार के हमले में बुरी तरह घायल

अल्मोड़ा। स्याल्दे में गुलदार का आंतक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। गुलदार के आंतक से लोग खौफजदा है। आलम यह है कि रविवार को जंगल में घास लेने गई बरंगल ग्राम पंचायत के रोडियाबाखल गांव की एक महिला पर गुलदार ने दिनदहाड़े हमला कर दिया। इससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। साथ में गई महिलाओं ने बामुश्किल हो हल्ला कर हमला कर रहे गुलदार को वहां से भगाया। बरंगल ग्राम पंचायत के रोडियाबाखल की महिला अंजू देवी (24) महिलाओं के साथ घाट काटने गांव के पास ही मटखानी गई थी। लेकिन इसी बीच पहले से ही घात लगाकर बैठे गुलदार ने अंजू देवी पर जानलेवा हमला कर दिया। गुलदार ने अंजू देवी के नाक कान, गले और मुहं समेत कई स्थानों पर घाव कर दिए। हल्ला करने पर साथ में गई महिलाओं ने गुलदार को बामुश्किल वहां से भगाकर महिला की जान बचाई और गुलदार को भागने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद महिलाएं घायल अंजू को दो किमी दूर सड़क तक लाए। इसकी सूचना महिलाओं ने अन्य ग्रामीणों को दी। 108 की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट लाया गया। जहां घायल का उपचार किया गया। दिन में ही गुलदार के इस हमले से लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जल्द वन विभाग को गुलदार को पकडऩे की मांग की है।
महिला के सिर कान और गले में काफी गहरे घाव हैं। हाथ में भी घाव हैं, प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। महिला की हालत सामान्य है।
-डा. एसके विश्वास, प्रभारी स्वास्थ्य केंद्र