March 29, 2024

गजब हाल : कोरोना संक्रमित मृत महिला के शव से कुंडल व चेन गायब होने का आरोप

पौड़ी। राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर से संबद्ध बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कोरोना संक्रमित मृत महिला के शव से कुंडल व चेन गायब होने का आरोप लगाया गया है। मृतका के पुत्र ने इस संबंध में डीएम से शिकायत कर जांच करने की मांग की है। इसके अलावा मृतका के पुत्र ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। वहीं डीएम धीराज सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच की बात कही है।श्रीकोट निवासी विभोर बहुगुणा ने बेस अस्पताल श्रीकोट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डीएम धीराज गर्ब्याल को भेजे गए शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि मेरी माता बीती 8 सितंबर को कोरोना पॉजीटिव पाई गई थी। जिस पर 9 सितंबर को उन्हें बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान 21 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उनका देहांत हो गया था। अंत्येष्टि के लिए लाए गए शव को संक्रमित होने के बावजूद ठीक से पैक नहीं किया गया था। जिस किट में शव को रखा गया था वह फटी हुई थी। जब दूसरी किट मंगाई गई तो उसकी भी चेन खराब थी। उन्होंने आरोप लगया कि शव से एक कान का कुंडल व दोनों कानों की चेन भी गायब थी। विभोर ने स्थानीय प्रशासन व अस्पाल प्रबंधन में आपसी सामंजस्य न होने का आरोप भी लगाया है। कहा कि माता की मौत के सात दिन बाद भी स्थानीय प्रशासन से मुझे फोन पर माता की कुशल क्षेम पूछी जा रही है। जिससे स्पष्ट होता है कि अस्पताल प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन में सामंजस्य नहीं है। अस्पातल प्रबंधन स्थानीय प्रशासन को स्पष्ट सूचनाएं नहीं दे रहा है। बताया कि कोरोना मरीजों को देखने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं आ रहे हैं। मरीजों को जेआर व प्रशिक्षु चिकित्सकों के भरोसे छोड़ा गया है। जबकि अन्य मेडकल स्टाफ व सफाई कर्मी पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं। पितृ कार्य संपन्न होने के बाद वह डीएम व सीएमओ से वार्ता कर इस मामले में विरोध दर्ज कराएंगे। कार्यवाही नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। वहीं डीएम धीराज सिंह ने मामले गंभीर बताते हुए जांच कराए जाने की बात कही है।