April 19, 2024

अब भोजन माताओं को चाहिए 15 हजार मानदेय

नैनीताल। मानदेय समेत अन्य मांगों को लेकर प्रगतिशील भोजन माता संगठन से जुड़ी महिलाओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम विनोद कुमार के माध्यम से सीएम को ज्ञापन प्रेषित किया। साथ ही जल्द मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
संगठन की महामंत्री रजनी जोशी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन में उनकी आर्थिक स्थिती खराब हो गई है। इससे परिवार का पालन-पोषण करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जून माह का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है। कहा कि क्वारंटाइन सेंटरों पर तैनात भोजन माताओं को सुरक्षा उपकरण दिए जाएं। जिससे सक्रंमण का खतरा कम रहे। बीते लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन उनकी मांगों का संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में प्रगतिशील भोजन माता संगठन अध्यक्ष तुलसी आर्य, तुलसी देवी, देवकी, रेखापाल, निर्मला, शोभा, परवीन, लीला, सरिता, ममता, अनीता देवी, पुष्पा, विमला देवी, सरस्वती, दीपा, समुद्री, मोहनी देवी, नंदी देवी शामिल रहीं।
ये हैं मांगें
-भोजन माताओं को 15000 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाए।
-क्वारंटाइन सेंटरों में भोजन माताओं को सुरक्षा के उपकरण दिए जाए।
-भोजन माताओं को महंगाई भत्ता दिया जाए।
-जून माह का वेतन तत्काल दिया जाए।
-आंगनबाड़ी और आशा वर्करों की तर्ज पर भोजन माताओं को 1000 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाए।