March 28, 2024

जिंप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पर भाजपा और कांग्रेस में होगी सीधी टक्कर 

पौड़ी। पौड़ी में शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन किए गए। नामांकन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पौड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होगी। भाजपा ने अध्यक्ष पद पर बमराड़ी सीट से सदस्य शांति देवी तो उपाध्यक्ष पद पर धौलकंडी सीट से जीती निर्दलीय प्रत्याशी रचना देवी को मैदान में उतारा है। 38 सीटों वाली पौड़ी जिला पंचायत में जीत के लिए प्रत्याशियों को 20 वोटों की आवश्यकता है। वहीं, कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर ग्वाड़ सीट से सदस्य कैलाश चंद्र को प्रत्याशी बनाया है। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने डोभश्रीकोट सीट से सदस्य मेहरबान सिंह नेगी को प्रत्याशी बनाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शांति देवी व कैलाश चंद्र ने नामांकन करवाए हैं। जबकि उपाध्यक्ष पद पर रचना देवी और मेहरबान सिंह नेगी ने नामांकन करवाए हैं। सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैद्य पाए गए हैं। 4 नवंबर को नामवापसी होगी। 7 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जाएगा।दोनों दलों ने किया बहुमत का दावापौड़ी। पौड़ी जिला पंचायत में शनिवार को कांग्रेस और भाजपा ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर नामांकन किए। इस दौरान दोनों दलों के पदाधिकारियों ने अपने पास पूर्णबहुमत होने की बात कही। भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के लिए पहुंचे लैंसडौन विधायक दलीप सिंह रावत ने दावा किया भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है। कहा कि भाजपा ने दूरस्थ क्षेत्र से जीतकर आई महिला प्रत्याशी को अपना अध्यक्ष पद का उमीदवार बनाया है। भाजपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा व प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के पास अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर जीत हासिल करने के लिए कांग्रेस के पास पूरा बहुमत हासिल है। पदाधिकारियों ने दावा किया कि कांग्रेस आसानी से जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर जीत हासिल करेगी।